कोटा।अकलंक कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में द्वितीय एक दिवसीय विशेष शिविर तथा शैक्षिक भ्रमण का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ‘युवा पक्षी प्रेमी माह’ एवं ‘राष्ट्रीय जल शक्ति अभियान’ के अंतर्गत वन्यजीव संस्थान, देहरादून के सहयोग से संपन्न हुआ।
शिविर का संचालन एनएसएस प्रभारी डॉ. रंजना गुप्ता और सहायक प्रोफेसर (वनस्पति विज्ञान) डॉ. सोनल ने किया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. पिंकी श्रीवास्तव तथा उप-प्राचार्या श्रीमती नम्रता जैन के मार्गदर्शन एवं अनुमति से आयोजित किया गया।
सुबह 7 बजे ‘बर्ड वॉक’ से शिविर की शुरुआत हुई। वन संरक्षक (वन्यजीव) कोटा श्री अनुराग भटनागर ने विद्यार्थियों को पक्षियों के महत्व, उनके पर्यावास की संवेदनशीलता तथा संरक्षण के विषय में विस्तार से अवगत कराया। उनके मार्गदर्शन में स्वयंसेवकों ने विभिन्न स्थानीय व प्रवासी पक्षियों का अवलोकन किया तथा पार्क में पाए जाने वाले वन्यजीव और वृक्ष प्रजातियों के पर्यावरणीय महत्व को समझा। राष्ट्रीय जल शक्ति अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण पर केंद्रित जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्भरण की आवश्यकता से परिचित कराया गया। इसके पश्चात पार्क परिसर में जल स्रोतों के आसपास सफाई अभियान, श्रमदान एवं वृक्षारोपण गतिविधियाँ संचालित की गईं।
स्वयंसेवकों ने पर्यावरण, वन्यजीव एवं जल संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। प्रकृति से जुड़ाव बढ़ाने वाला यह शिविर विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। कार्यक्रम के समापन पर स्वयंसेवकों को अल्पाहार वितरित किया गया।
