कोटा में सैंतालीस वर्षों बाद ऐतिहासिक महा-मुनि संघ का आगमन

निर्यापक मुनि श्री योग सागर जी महाराज के विहार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब – जम्बू जैन सर्राफ

कोटा। सैंतालीस वर्षों के दीर्घ अंतराल के पश्चात विशाल महा-मुनि संघ के कोटा की ओर बढ़ते चरणों को लेकर जैन समाज में अभूतपूर्व उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण व्याप्त है। उन्नीस सौ उन्यासी के बाद पहली बार इस स्तर के महा-संघ के आगमन से संपूर्ण क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति की लहर दिखाई दे रही है।
श्रमण परंपरा के शिरोमणि, परम पूज्य आचार्य भगवंत श्री विद्यासागर जी महाऋषिराज के परम शिष्य एवं पूज्य आचार्य श्री समयसागर जी महाराज के ज्येष्ठ निर्यापक, राष्ट्रीय संत एवं तपस्वी पूज्य मुनि श्री योग सागर जी महाराज ससंघ के विहार के दौरान मार्ग-मार्ग पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है।
श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन त्रिकाल चौबीसी पुण्योदय अतिशय क्षेत्र नसिया जी, दादाबाड़ी की समस्त कार्यकारिणी एवं पदाधिकारियों ने श्री दिगम्बर जैन मंदिर, रानपुर में मुनि श्री योग सागर जी महाराज ससंघ के श्री चरणों में श्रीफल अर्पित कर वंदन किया।
संस्था अध्यक्ष जम्बू जैन सर्राफ ने बताया कि सैंतालीस वर्षों बाद विशाल महा-मुनि संघ के कोटा आगमन को लेकर संपूर्ण नगर में व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। समाजजन गुरुदेव के प्रवेश को ऐतिहासिक अवसर मानते हुए अत्यंत उत्साह और श्रद्धा के साथ स्वागत की तैयारी में जुटे हैं।
चाँदखेड़ी-केथुली के अध्यक्ष एवं पुण्योदय अतिशय क्षेत्र के निदेशक हुकम काका ने जानकारी दी कि चाँदखेड़ी-केथुली से विहार करते हुए मुनि श्री योग सागर जी महाराज के साथ मुनि श्री निरोगसागर जी महाराज, मुनि श्री निर्मोहसागर जी महाराज, मुनि श्री निरामयसागर जी महाराज, मुनि श्री निर्भीकसागर जी महाराज, पंच ऐलक महाराज एवं क्षुल्लक द्वय सहित विशाल महा-मुनि संघ कोटा की ओर अग्रसर है। इस दुर्लभ और ऐतिहासिक विहार के दर्शन हेतु न केवल राजस्थान बल्कि देश के विभिन्न प्रांतों से श्रद्धालु कोटा पहुँच रहे हैं।
महामंत्री महेंद्र कासलीवाल ने बताया कि रात्रि विश्राम रानपुर में होगा तथा आगामी दिवस की आहारचर्या भी वहीं संपन्न होगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दादाबाड़ी नसिया जी से प्रतिदिन वाहन व्यवस्था की गई है।
उपाध्यक्ष शुभम शास्त्री, धर्मचंद धनोतिया, प्रशासनिक मंत्री अर्चना रानी एवं दुगेरिया सर्राफ ने बताया कि जगपुरा में निर्यापक मुनि श्री योग सागर जी महाराज के श्री चरणों में श्रीफल अर्पित कर दादाबाड़ी नसिया जी में अष्टानिका, सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं दीर्घकालीन प्रवास हेतु विनम्र निवेदन किया गया।
सकल सरावगी समाज दादाबाड़ी के अध्यक्ष पारस सोगानी एवं महामंत्री महेंद्र गोधा ने बताया कि विशाल संघ के आगमन पर संपूर्ण दादाबाड़ी क्षेत्र को तोरण द्वारों से भव्य रूप से सजाया जाएगा।उपाध्यक्ष सुमित सेंकी, कोषाध्यक्ष मनीष मोहीवाल एवं निर्माण मंत्री सुनील मडिया ने बताया कि पुण्योदय तीर्थ नसिया जी दादाबाड़ी में सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।इस अवसर पर श्री सकल दिगम्बर जैन समाज समिति, कोटा के अध्यक्ष प्रकाश बजाज सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्य, नसिया जी दादाबाड़ी कार्यकारिणी के सक्रिय कार्यकर्ता लोकेश पाटोदी, महिला मंडल की सदस्याएँ आशा श्रीमाल, कविता दुगेरिया, नेहा हरसौरा, गोरा बाई, हर्षा कोटिया, कमल सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!