विद्यार्थियों को करियर विकल्पों व उच्च शिक्षा के अवसरों की दी जानकारी
कोटा। अकलंक पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को दिशा देने के उद्देश्य से करियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को बदलते समय के अनुरूप विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा के अवसरों तथा अपने लक्ष्य निर्धारण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या डॉ. अर्चना जोशी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
अकलंक विद्यालय एसोसिएशन के अध्यक्ष पीयूष बज एवं सचिव अनिमेष जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय परिवार समय-समय पर ऐसे मार्गदर्शनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा जो उनके पथप्रदर्शक बनकर,उज्जवल भविष्य के लिए आवश्यक होंगे।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर संभावनाओं, उच्च शिक्षा के मार्ग तथा अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप लक्ष्य तय करने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या डॉ. अर्चना जोशी ने सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
