कोटा। पुरुषार्थ भवन, कोटा में SSI खेल महोत्सव–2026 की कर्टेन रेज़र सेरेमनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ SSI एसोसिएशन के सचिव अशुतोष जैन द्वारा स्वागत उद्बोधन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने एसोसिएशन के सदस्यों, खिलाड़ियों, क्रिकेट टीम ओनर्स, प्रायोजकों एवं पूर्व अध्यक्षों (पास्ट प्रेसिडेंट्स) का आत्मीय अभिनंदन किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष मनोज राठी ने खेल महोत्सव की संपूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए आयोजन के उद्देश्य, खेल भावना के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की मंशा पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि SSI खेल महोत्सव केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उद्योग जगत, युवाओं और खिलाड़ियों को एक साझा मंच पर जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
चेयरमैन अनीश बिड़ला ने सुमंगलम ग्रुप के नितिन सैनी के साथ कर्टेन उठाकर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। मंच पर मुख्य प्रायोजक सुमंगलम ग्रुप एवं रामाह फिनसर्व के मुकेश चौधरी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी 8 पुरुष एवं 2 महिला क्रिकेट टीमों के ओनर्स के साथ टीम टी-शर्ट का अनावरण किया गया, जिससे खिलाड़ियों एवं उपस्थित अतिथियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट में क्रिकेट, टेबल टेनिस (टीटी), बैडमिंटन एवं पिकल बॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही पूर्व अध्यक्षों का मैत्री क्रिकेट मैच भी खेला जाएगा। टूर्नामेंट का शुभारंभ 10 जनवरी से होगा।10 जनवरी को क्रिकेट प्रतियोगिता के लीग मैच आयोजित किए जाएंगे। 11 जनवरी को पूर्व अध्यक्षों का मैच, दो सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। सभी क्रिकेट मैच जे.के. पवेलियन में आयोजित होंगे, जबकि अन्य खेल प्रतियोगिताएं प्ले जोन, इंद्रप्रस्थ इंडस्ट्रियल एरिया में संपन्न होंगी।
को—चेयरमैन समीर सूद ने पूरे टूर्नामेंट का मैच शेड्यूल घोषित किया, सभी टीमों को उनके कप्तानों का आवंटन किया तथा प्रतियोगिता की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराया।
कार्यक्रम के समापन पर कोषाध्यक्ष दितिन गुप्ता ने सभी अतिथियों, पूर्व अध्यक्षों, टीम ओनर्स, प्रायोजकों, खिलाड़ियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
