सजेगा श्याम बाबा का अलौकिक दरबार, गिरिराज शरण व आरती माली बहाएंगे भक्ति रस की सरिता
कोटा। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कोटा शहर में श्रद्धा, भक्ति
और संगीत से ओतप्रोत ‘श्री श्याम भजन संध्या’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 25 जनवरी को रात्रि 8 बजे से अनंतपुरा स्कीम स्थित स्काई पार्क मल्टी के समीप, ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में आयोजित होगा।श्याम भक्त एवं आयोजन संयोजक पंकज बजाज ने बताया कि यह आयोजन श्री श्याम मित्र मंडल संस्था के सानिध्य में संपन्न होगा, जो बाबा श्याम की भक्ति, सेवा एवं समर्पण की भावना को समर्पित रहेगा। उन्होंने बताया कि आयोजन स्थल पर बाबा श्याम का भव्य दरबार हजारों सुगंधित पुष्पों से सजाया जाएगा, जिससे संपूर्ण परिसर भक्तिमय वातावरण और अलौकिक आभा से आलोकित होगा।कार्यक्रम में देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक कुमार गिरिराज शरण (जयपुर), आरती माली (इंदौर) तथा पंकज म्यूजिकल ग्रुप (नेताजी) अपनी सुमधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। भजनों के माध्यम से श्याम नाम का संकीर्तन, आराधना एवं आध्यात्मिक चेतना का संचार किया जाएगा।
संयोजक पंकज बजाज ने शहरवासियों एवं श्याम प्रेमियों से अधिकाधिक संख्या में पधारकर धर्मलाभ अर्जित करने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
