कोटा विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोरो पर, राज्यपाल ने दी स्वीकृति
कोटा। कोटा विश्वविद्यालय में आगामी 23 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। राजस्थान के माननीय राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हरिभाऊ किसनराव बागड़े ने इस गरिमामयी समारोह में शामिल होने की औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। आयोजन कृषि प्रबंध संस्थान,आॅडिटोरियम,सर्किट हाउस के पास नयापुरा में आयोजित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो.बी.सारस्वत ने बताया कि दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर विभिन्न आयोजन समितियों एवं समन्वय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित की गई।बैठक में लगभग ढाई घंटे तक समारोह के प्रारूप, व्यवस्थाओं और संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।उन्होंने कहा कि इस वर्ष के दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के लगभग 60 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक व लगभग 81 शोधार्थियों को पीएचडी उपाधियां दी जाएंगी। उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
रजिस्ट्रार राजपाल सिंह ने बताया कि कुलगुरू प्रो.सारस्वत के नेतृत्व विश्वविद्यालय प्रशासन 7 जनवरी की सायं उस सभागार का निरीक्षण करेगा, जहां दीक्षांत समारोह आयोजित होना है। निरीक्षण के दौरान राज्यपाल के आगमन, शोभा यात्रा के मार्ग, मंच व्यवस्था, सुरक्षा, प्रोटोकॉल एवं विद्यार्थियों को पदक एवं उपाधि वितरण की व्यवस्थाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लिया जाएगा।उन्होंने यह भी बताया कि मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और शीघ्र ही इसकी घोषणा कर दी जाएगी।
