मां दधिमती मंदिर प्रांगण में राधा-कृष्ण झांकियों और भजनों से गूंजा वातावरण
कोटा। श्री महर्षि दधीचि छात्रावास समिति महिला मंडल द्वारा रविवार को नंदोत्सव बड़े हर्षोल्लास और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन मां दधिमती मंदिर प्रांगण में हुआ, जहां भक्तिमय माहौल में श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समिति की अध्यक्ष स्मिता शर्मा और मंत्री अंबिका शर्मा ने सर्वप्रथम लड्डू गोपाल का पंचामृत अभिषेक किया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। अध्यक्ष रविन्द्र जोशी ने इस प्रकार के कार्योक्रम को भारतीय संस्कृति की नीव बताया।
बाल कृष्ण की दही-हांडी ने बांधा समां
अध्यक्ष स्मिता शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में छोटे बच्चों द्वारा राधा-कृष्ण, गोपी और ग्वालबाल की झांकियां प्रस्तुत की गईं। इस दौरान बाल कृष्ण रूपी स्वस्ति दाधीच ने दही-हांडी फोड़कर उत्सव की परंपरा को जीवंत किया। वहीं शरण्या दाधीच ने राधा का रूप धारण कर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
भजन और नृत्य से गूंजा माहौल
मंत्री अंबिका शर्मा ने बताया कि समाज की महिलाएं राधा, रुक्मिणी और गोपी स्वरूप में सज-धज कर आईं। महिलाओं ने सामूहिक रूप से भजन-कीर्तन और नृत्य प्रस्तुत किए। “बाल कृष्ण लीलाओं” से सजी प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
उत्सव का समापन भगवान श्रीकृष्ण की सामूहिक आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्ति-भाव से आरती में भाग लिया और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।