कोटा को पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने को लेकर खड़े गणेश जी मंदिर में प्रार्थना

हाड़ोती ट्रैवल मार्ट 2026 की तैयारियाँ, गणेश मंदिर में विशेष पूजा,ट्रैवल मार्ट 2026 को लेकर उद्योग और व्यापार जगत की एकजुटता

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की पहल पर आगामी कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट 2026 के सफल आयोजन तथा कोटा को पर्यटन नगरी के रूप में स्थापित करने की कामना के साथ बुधवार को खड़े गणेश जी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर होटल फेडरेशन, कोटा व्यापार महासंघ, द एसएसआई एसोसिएशन, पर्यटन विभाग एवं विभिन्न औद्योगिक, व्यावसायिक व सामाजिक संगठनों के लगभग 200 प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
फेडरेशन अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, महासचिव संदीप पाडिया, कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता एवं मार्ट संयोजक अनिल मुंदड़ा ने बताया कि 2, 3 एवं 4 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट के माध्यम से हाड़ोती के धार्मिक, प्राकृतिक, हेरिटेज एवं आधुनिक पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, जिससे कोटा की अर्थव्यवस्था को नई दिशा प्राप्त होगी।
माहेश्वरी ने कहा कि अतीत में जब-जब कोटा की आर्थिक परिस्थितियाँ चुनौतीपूर्ण रहीं, तब खड़े गणेश जी के प्रति आस्था और सामूहिक संकल्प से नई संभावनाएँ विकसित हुईं। उन्होंने कहा कि कोचिंग, कोटा स्टोन एवं औद्योगिक क्षेत्रों में आई चुनौतियों के बावजूद कोटा की अर्थव्यवस्था ने हर बार नयी गति प्राप्त की है। वर्तमान परिप्रेक्ष्य में पर्यटन विकास, कोटा के लिए स्थायी आर्थिक विकल्प सिद्ध हो सकता है।
फेडरेशन पदाधिकारियों ने बताया कि हाड़ोती क्षेत्र में अभयारण्यों, जल-पर्यटन, धार्मिक स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य, हेरिटेज स्थलों सहित विविध पर्यटन संभावनाएँ मौजूद हैं, किंतु इनके व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है। ट्रैवल मार्ट के माध्यम से हाड़ोती को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।
कार्यक्रम में कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन, विविध व्यावसायिक संगठनों, उद्योग संघों, होटल एसोसिएशनों, पर्यटन विभाग, कोर कमेटी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य उपस्थित रहे।
फेडरेशन ने कोटा के उद्योगपतियों, व्यापारियों, नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों से ट्रैवल मार्ट को सफल बनाने एवं हाड़ोती को पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने में सहयोग देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!