कोटा विकास प्राधिकरण परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का नगरीय विकास मंत्री ने किया निरीक्षण
कोटा। कोटा विकास प्राधिकरण परिसर में शुक्रवार को आयोजित शहरी सेवा शिविर का राजस्थान सरकार के नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री झाबर सिंह खरा ने निरीक्षण किया। मंत्री ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मौके पर उपस्थित अधिकारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा आमजन को समयबद्ध और प्रभावी राहत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मंत्री द्वारा 30 पट्टों का वितरण कर लाभार्थियों को राहत प्रदान की गई। शिविर में उपस्थित नागरिकों द्वारा रखी गई समस्याओं को मंत्री ने गंभीरता से सुना और त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
इस अवसर पर कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, लाडपुरा विधायक कल्पना देवी, भाजपा शहर जिला अध्यक्ष रोहन जैन, कोटा विकास प्राधिकरण आयुक्त ममता कुमारी सिवाच, सचिव मुकेश कुमार चौधरी, उपयुक्त हर्षित वर्मा, श्रीमती मालविका त्यागी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने शिविरों को जनसेवा का प्रभावी माध्यम बताते हुए इनके सफल संचालन के लिए निरंतर निगरानी एवं संवेदनशील कार्यशैली अपनाने पर जोर दिया।
