कर विशेषज्ञ करेंगे यूनियन बजट–2026 के प्रावधानों पर मंथन, टीबीए वीक का आगाज 2 फरवरी से

पौधारोपण, वॉक-रन, हेल्थ टॉक शो और खेल गतिविधियों से सजेगा सप्ताह

कोटा। टैक्स बार एसोसिएशन, कोटा द्वारा “टीबीए वीक–2026 (उल्लास)” का आयोजन 2 से 8 फरवरी तक किया जाएगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए विष्णु गर्ग ने बताया कि यह वार्षिक आयोजन सदस्यों के बीच आपसी सौहार्द, सामाजिक दायित्व, स्वास्थ्य जागरूकता, खेल भावना एवं मनोरंजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जाता है। इस सप्ताह के दौरान सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी, जिसमें सदस्य एवं उनके परिवारजन सक्रिय सहभागिता करेंगे।

पर्यावरण और स्वास्थ्य को प्राथमिकता

वीक कोऑर्डिनेटर सीए दिनेश जैन ने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 2 फरवरी को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने हेतु पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा तथा शाम को सदस्यों एवं उनके परिवारजनों के लिए मूवी शो रखा गया है। 3 फरवरी को विभिन्न इनडोर गेम्स प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। 4 फरवरी को सिटी पार्क में वॉक/रन एवं जुंबा कार्यक्रम के माध्यम से फिटनेस को प्रोत्साहित किया जाएगा।

यूनियन बजट पर विशेषज्ञों का मंथन

उन्होंने बताया कि 4 फरवरी की शाम को केंद्रीय बजट–2026 पर विशेष सेमिनार आयोजित किया जाएगा, जिसमें कर विशेषज्ञ बजट के व्यावसायिक एवं कर प्रावधानों का विश्लेषण करेंगे। यह सेमिनार कर पेशेवरों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा।

हेल्थ टॉक शो और खेल प्रतियोगिताएं

5 फरवरी को निजी अस्पताल के सहयोग से डॉक्टरों के साथ हेल्थ टॉक शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे। सचिव सीए प्रकाश चौधरी ने बताया कि 6 एवं 7 फरवरी को टैक्स बार एसोसिएशन की महिला एवं पुरुष क्रिकेट लीग आयोजित होगी, जिसमें बड़ी संख्या में सदस्य भाग लेंगे।

समापन पिकनिक व पुरस्कार वितरण के साथ

कोषाध्यक्ष सीए प्रतीक बाबेल ने बताया कि केंद्रीय बजट सेमिनार की रूपरेखा सदस्यों के लिए अत्यंत उपयोगी रहेगी। इस अवसर पर टीबीए वीक के पोस्टर का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम का समापन 8 फरवरी को सदस्यों की पिकनिक एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा। अंत में सह-सचिव सीए साहिल बिड़ला ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में एडवोकेट राकेश जैन, सीए सौरभ जैन, सीए आशीष व्यास, सीएस अक्षय गुप्ता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!