कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट ने क्षेत्र को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर दिलाई नई पहचान : दीया कुमारी

जनवरी 2027 में फिर होगा कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट, तैयारियां शुरू

कोटा/जयपुर, 14 मार्च। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान एवं कोटा डिवीजन के प्रतिनिधि मंडल ने शनिवार को जयपुर सचिवालय स्थित उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी से भेंट कर हाल ही में आयोजित कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट के सफल आयोजन में राज्य सरकार और पर्यटन विभाग के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया।प्रतिनिधिमंडल में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान, सचिव रणविजय सिंह, संरक्षक सुरेन्द्र सिंह शाहपुरा, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी तथा मुख्य सलाहकार अनील मुन्दड़ा शामिल थे।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन द्वारा किए गए प्रयासों से कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट का आयोजन भव्य और ऐतिहासिक रहा। देशभर में रोड शो आयोजित कर कोटा सहित हाड़ौती क्षेत्र के पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया, जिसके परिणामस्वरूप देश के विभिन्न राज्यों से सैकड़ों टूर ऑपरेटर, पर्यटन विशेषज्ञ, राष्ट्रीय मीडिया प्रतिनिधि, ब्लॉगर्स और पर्यटक इसमें शामिल हुए।उन्होंने कहा कि जयपुर के बाद पहली बार राज्य के पर्यटन विकास की दृष्टि से कोटा में इस प्रकार के ट्रैवल मार्ट का आयोजन एक सफल प्रयोग साबित हुआ है। महानगरों की तर्ज पर आयोजित यह कार्यक्रम हाड़ौती क्षेत्र के पर्यटन विकास को नई दिशा देने वाला सिद्ध हुआ है और अब यह क्षेत्र राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने आयोजकों से ऐसे प्रयास निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने उप मुख्यमंत्री का हाड़ौती में ट्रैवल मार्ट जैसा बड़ा आयोजन कराने के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का भी सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।माहेश्वरी ने बताया कि ट्रैवल मार्ट के बाद भी देश के 26 राज्यों से आए टूर ऑपरेटरों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखा जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप कई पर्यटक दल हाड़ौती क्षेत्र के भ्रमण पर आए हैं। उन्होंने बताया कि आगामी कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट 6 से 10 जनवरी 2027 तक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया है, जिसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं।उन्होंने बताया कि चार दिवसीय इस आयोजन के दौरान कोटा के साथ-साथ बूंदी, बारां और झालावाड़ में भी एक-एक दिन की गतिविधियां आयोजित करने की योजना है, ताकि देश-विदेश से आने वाले टूर ऑपरेटर इन क्षेत्रों के पर्यटन स्थलों का भी अवलोकन कर सकें।होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष हुसैन खान ने कहा कि कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं उनकी टीम ने कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट को जिस स्तर तक पहुंचाया, वह सराहनीय है। इस आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रशंसा मिली और पर्यटन क्षेत्र में इसकी गूंज देशभर में सुनाई दी।उन्होंने उप मुख्यमंत्री से जनवरी 2027 में कोटा में प्रस्तावित ट्रैवल मार्ट को स्वीकृति देने का आग्रह करते हुए कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से ऐसे आयोजन होते रहे तो राजस्थान पर्यटन के क्षेत्र में और अधिक सशक्त पहचान स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!